सुल्तानपुर लोधी ( डा सुनीलधीर)। थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने गांव सराय जट्टा में मामूली सी बात को लेकर हुई मारपीट दौरान हवाई फायर करने के आरोप में 3 लोगों के खिलाफ धारा 323, 336, 34 आईपीसी व आर्मज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने उक्त मामले में छापेमारी करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जिसकी तलाश के लिए उसके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही तीसरे आरोपी को भी पुलिस द्वारा काबू कर लिया जाएगा। हरदीप सिंह निवासी गांव सराय जट्टा ने पुलिस को दर्ज ब्यान में बताया कि बीते दिन रात करीब 09:30 बजे वह अपने भतीजे जसपाल सिंह के साथ खाना खाकर गांव के बाहर सैर कर रहे थे। तभी उसी के गांव के ही अमरिंदर सिंह उर्फ पम्मा व सुरिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के पास काम करने वाला मजदूर करन टावर के समीप खड़ा मिला।
उसके भतीजे जसपाल ने करन के कंधे पर हाथ रख कर कहा कि क्या हालचाल है तथा कहने लगा कि रुक जाओ, सरदार आ रहा है। तभी वहां पर अमरिंदर सिंह उर्फ पम्मा आ गया और ललकारा मार कर कहने लगा कि उसने उनके मजदूर से मारपीट की। तभी वहां पर सुखिवंदर सिंह उर्फ सुक्खा व सुरिंदर सिंह उर्फ बिल्ला आ गए। जिनके हाथों में डंडे व दोनाली राइफल पकडी हुई थी। सुखिवंदर सिंह उर्फ सुक्खा डंडे से उसकी मारपीट करने लगा। जबकि सुरिंदर सिंह ने अपनी राइफल से हवाई फायर किया।
अमरिंदर सिंह उर्फ पम्मा ने अपनी रिवाल्वर से 2 हवाई फायर किए। जिस पर वह अपनी जान बचाने के लिए खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने ब्यानों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 336, 34 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर अमरिंदर सिंह उर्फ पम्मा व सुरिंदर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीसरा आरोपी सुखिवंदर सिंह उर्फ सुक्खा अभी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है ।



