चंडीगढ़। पंजाब के मुक्तसर के गांव लक्खेवाली में गोली लगने से घायल हुए भाजपा नेता सरबजीत सिंह काका लक्खेवाली की मौत हो गई है। सरबजीत सिंह लक्खेवाली लुधियाना के अस्पताल में उपचाराधीन थे। हालांकि पुलिस जांच में अब तक उन्हें गोली लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जिला परिषद के सदस्य रह चुके सरबजीत सिंह काका लक्खेवाली हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पुलिस जांच में फिलहाल तक यह साफ नहीं हो सका है कि गोली कैसे लगी या किसने मारी। हालांकि, पीड़ित परिवार आज पुलिस को अपने बयान दर्ज करवा सकता है। क्योंकि इससे पहले किसी पारिवारिक सदस्य द्वारा बयान नहीं दिए गए थे।
सरबजीत सिंह काका लक्खेवाली काफी समय यूथ कांग्रेस में भी रहे। फिर बड़ा मरोट के लक्खेवाली जोन से वह जिला परिषद के सदस्य बने। वह पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और मनप्रीत सिंह बादल के करीबी माने जाते रहे हैं।
पारिवारिक विवाद में चली गोली!
सूत्रों के अनुसार परिवार में किसी प्रकार का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण गोली चली बताई जा रही है। हालांकि गोली चलने की घटना हादसा है या फिर किसी द्वारा मारी गई है। इन सभी सवालों का खुलासा पारिवारिक सदस्यों द्वारा पुलिस को बयान दर्ज कराने के बाद हो सकेगा।



