नेशनल डेस्क, 16 जनवरी | गाजा में इजरायल और हमास के बीच पिछले 15 महीने से जारी युद्ध रविवार 19 जनवरी को खत्म हो जाएगा। इसलिए दोनों में सीजफायर और बंधकों की रिहाई से जुड़ी डील फाइनल हो चुकी है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जासिम अल-थानी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कतर की राजधानी दोहा में पिछले कई हफ्तों से जंगबन्दी के लिए बातचीत चल रही है। इस बातचीत में मिस्र और अमेरिका भी शामिल थे। इस डील के मुताबिक हमास अपने कब्जे में मौजूद इजरायली बंधकों को रिहा कर देगा। बदले में इजराइल भी हमास के लोगों को रिहा कर देगा।
अल जज़ीरा ने बताया कि कतर के पीएम थानी ने बुधवार को हमास और इज़राइल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जिसके बाद यह समझौता हुआ। इस डील को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच श्रेय की दौड़ शुरू हो गई है।
उधर, गाजा में इजरायली हमले अभी भी जारी हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को इजरायली हमले में 5 लोगों की मौत हो गई।



