गुरदासपुर,19 फरवरी। दीनानगर कस्बे के नजदीक गांव कुलियां में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें अपने रिश्तेदार के घर आ रहे बाबा को गांव के ही एक परिवार ने घेरकर बुरी तरह पीटा, जिससे बाबा को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल दीनानगर में भर्ती कराया गया।
गांव में रहने वाले युवक सरवन कुमार ने बताया कि उसके घर एक बाबा आया, जिसे वह बाबा मानता था, जब वह वापस जा रहा था तो घर से कुछ दूरी पर उसके चाचा मोहनलाल ने उसे रोक लिया और पीटना शुरू कर दिया। मोहनलाल के साथ परिवार के दो अन्य सदस्य भी थे और जब वह और उसकी बहन उन्हें बचाने के लिए आगे आए तो उन्हें भी पीटा गया। सरवन का कहना है कि चाचा मोहनलाल उनसे दुश्मनी रखते हैं और इसीलिए उन्होंने बाबा की पिटाई की और वह प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं।
वहीं उनके चाचा मोहनलाल ने पत्रकार से बात करते हुए स्वीकार किया कि उन्होंने बाबा को पीटा था। उनका कहना है कि पिटाई की वजह यह है कि इस बाबा ने उन दोनों के परिवारों में दरार पैदा कर दी है और मोहन के मुताबिक, उनके भाई जो कि सरवन के पिता हैं, वह पिछले दिनों बहुत बीमार थे और सरवन इलाज कराने के बजाय इस बाबा से धागे का ताबीज ले रहे थे और इलाज के अभाव में उनके भाई की एक महीने पहले मौत हो गई।
इस बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने भतीजे और उसके परिवार को यह विश्वास दिला दिया कि किसी रिश्तेदार ने उन पर जादू कर दिया है। जिसके चलते दोनों परिवारों के बीच अनबन हो गई और आज उसने बाबा की पिटाई कर दी।



