कोलकाता। हर कोई चाहता है कि अपनी बेटी की शादी अच्छे से अच्छे घर में करे। लड़का अगर सरकारी नौकरी वाला मिल जाए तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। पश्चिम बंगाल के कूच विहार में भी एक परिवार की ऐसी ही ख्वाहिश थी। उन्होंने एक सरकारी टीचर से अपनी बेटी की शादी तय की। परिवार की बेटी की शादी सरकारी कर्मचारी से हो रही है। लड़की के घर में सभी बहुत खुश थे। इसलिए शादी की तैयारियों में कोई कमी नहीं की थी। लेकिन लड़की के घर में वह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकी। शादी के अगले दिन सरकारी कर्मचारी की नौकरी चली गई।
जिस लड़के से शादी हुई उसका नाम प्रणब रॉय है। वह 2017 से जलपाईगुड़ी के राजदंगा केंडा मोहम्मद हाईस्कूल में कार्यरत थे। यही देखकर लड़की के घरवालों ने बेटी की शादी तय की थी। दोनों परिवार काफी खुश थे। बीते गुरुवार को दोनों की धूमधाम से शादी हुई। शुक्रवार को प्रणब अपनी पत्नी के साथ घर लौटे। मगर उसी दिन अदालत ने एक बड़ा फैसला सुनाया और 842 टीचर्स की नियुक्ति को अवैध बताते हुए रद्द करने का आदेश दिया। जब सूची सार्वजनिक हुई तो उसमें प्रणब रॉय का भी नाम था। नौकरी जाने की खबर सुनते ही घर में मातम पसर गया।
अभी तो फिर भी ठीक था, थोड़ी ही देर में प्रणब की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया में तैरने लगीं। लोग तरह-तरह के कमेंट्स करने लगे। किसी ने लिखा, गुरुवार को शादी हुई, शुक्रवार को नौकरी गई, शनिवार को शादी टूटी। यह घटना इतिहास के पन्नों में लिखी जाएगी। एक अन्य ने लिखा, भरी शय्या नहीं, यह कांटों की शय्या है। हालांकि, दूल्हा या दुल्हन पक्ष में से कोई भी पूरी घटना पर टिप्पणी करने के लिए तैयार नहीं हुआ। नवविवाहिता ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती में घोटाला हुआ था। पैसे लेकर नौकरियां दी गई थीं, जिसके सबूत भी मिले थे। इसके बाद हाईकोर्ट ने सभी नियुक्तियों को रद्द कर दिया था। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 57 व 785 कुल 842 व्यक्तियों की नियुक्ति निरस्त करने का निर्देश दिया गया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि इनमें से कोई भी स्कूल में प्रवेश नहीं कर सकता है। वे स्कूल में कुछ भी छू नहीं सकते। यह अदालत उनके वेतन की वापसी के मुद्दे पर बाद में फैसला करेगी। कोर्ट ने पूछा कि ग्रुप सी के मामलों में सिफारिश किए गए कितने लोगों ने ओएमआर से छेड़छाड़ की है। सिर्फ प्रणब रॉय ही नहीं, ऐसे कई मामले हैं, जिनमें शादी के कुछ ही दिन बाद नौकरी चली गई।



