कपूरथला, 19 नवंबर | फगवाड़ा सब-डिवीज़न में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को अज्ञात युवक शादी का झांसा देकर अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला भुल्लाराई इलाके का है। यूपी के कासगंज निवासी छोटेलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पास के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। 11 नवंबर को सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह स्कूल गई लेकिन उसके बाद से घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर बेटी की तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।
छात्रा के पिता को शक है कि कुछ अज्ञात युवकों ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई गुरमुख सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



