अमृतसर। सेंट्रल जेल के दो कैदियों की गुरु नानक देव अस्पताल में झड़प हो गई। इसी बीच बचाव करने आए डॉक्टर को भी उन्होंने नहीं बख्शा। मारपीट के दौरान डॉक्टर की पगड़ी उतर गयी। कैदियों ने डॉक्टर के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
दरअसल, मेडिसिन विभाग के वार्ड नं. 7 में जेल से आए बीमार कैदियों को रखा जाता है। इनको जेल से यहां भेजा गया एक कैदी काला पीलिया से पीड़ित था। बुधवार की सुबह इस कैदी का दूसरे कैदी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। जमकर मारपीट हुई। वार्ड प्रभारी डाॅ. जब इंद्रजीत सिंह चक्कर लगाते हुए यहां पहुंचे तो दोनों आपस में उलझे हुए थे। उन्होंने दोनों को अलग करने की कोशिश की। इसी दौरान एक कैदी ने उन्हें धक्का दे दिया। इससे उनकी पगड़ी उतर गयी।
इसके बाद डाॅ. जब इंद्रजीत ने सख्ती से बात की तो दोनों कैदियों ने उससे गाली-गलौज की। डॉ इंद्रजीत ने मामले की जानकारी अस्पताल प्रशासन और पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। झगड़ा करने वाला एक कैदी मानसिक रूप से कमज़ोर था।
ऐसे में उन्हें यहां से हटाकर सर्कुलर रोड स्थित विद्यासागर मनोरोग अस्पताल में भेज दिया गया। अस्पताल के कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जसप्रीत सिंह ने बताया कि झगड़ा करने वाले कैदी को मनोरोग अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही इस घटना की सूचना जेल प्रशासन को दे दी गई है।



