चंडीगढ़ : शहर में शीतलहर का प्रकोप जारी है. तापमान के आंकड़े रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। चंडीगढ़ अन्य कई शहरों के मुकाबले ठंडा रहा। अमृतसर और बठिंडा का तापमान चंडीगढ़ से ज्यादा रहा। शहर का अधिकतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8.8 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था।
वहीं, अगर पंजाब के अमृतसर की बात की जाये तो उस का अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बठिंडा का तापमान 14.2 डिग्री रहा। मोहाली में अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया जो चंडीगढ़ से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, हरियाणा के हिसार का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री और महेंद्रगढ़ के नारनौल का तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ को अभी तक कोहरे से राहत नहीं मिली है. अगले तीन दिनों तक सुबह-शाम कोहरा छाया रह सकता है। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट है। कोहरे के साथ ठंडे लहर की भी चेतावनी है।



