रांची। झारखंड के दो स्कूलों से हैरान करने वाली खबर आई है। पहली घटना पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के धलभूमगढ़ की है। जहां कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन ने करीब 200 छात्राओं को 500 रुपये की चोरी का आरोप लगाते हुए 4 घंटे तक चिलचिलाती धूप में खड़ा कर दिया।
दूसरी घटना बोकारो के गोमिया के एक निजी मिशनरी स्कूल की है। यहां एक क्लास के सभी छात्रों को ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने पर दो दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया।
यह चौंकाने वाला मामला बोकारो के गोमिया के लोईला स्कूल का बताया जा रहा है। आरोप है कि 5 अप्रैल को स्कूल के 10वीं कक्षा के एक छात्र ने ‘जय श्री राम’ कहा।
जब इसकी जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल तक पहुंची तो उन्होंने सभी छात्रों को निलंबित कर दिया और उन्हें क्लास से बाहर कर दिया। उन्हें अगले दिन सस्पेंड भी कर दिया गया था। इसके बाद स्कूलों में अवकाश हो गया।
इतना ही नहीं स्कूल प्रशासन ने मंगलवार को निलंबित छात्रों को उनके माता-पिता समेत बुलाया। इसके बाद उन्हें चेतावनी देकर निलंबन समाप्त कर दिया गया। विश्व हिंदू परिषद की स्थानीय इकाई ने इस घटना का विरोध किया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखा गया है।
यहां स्कूल की प्रिंसिपल अलीशा मंजुनी ने कहा कि अनुशासनहीनता के कारण छात्रों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।



