संगरूर, 2 दिसंबर | संगरूर के मेरिटोरियस स्कूल में बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारण शिक्षा मंत्री ने ऐक्शन लेते हुए 5 दिनों के लिए स्कूल की छुट्टियां करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने हॉस्टल का ठेका रद्द कर दिया है। बता दें कि यहां हॉस्टल का खाना खाने से मेरिटोरियस स्कूल के बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएमओ डाॅ. कृपाल सिंह ने बताया कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। बच्चों के घरवालों ने इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
घटना की जानकारी होते ही शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने खाना मुहैया कराने वाले ठेकेदार पर बड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिये हैं। हॉस्टल कैंटीन का ठेका शिक्षा मंत्री ने रद्द कर दिया है। घटना की जांच के लिए बैंस ने एक जांच कमेटी का भी गठन किया है और बैंस ने जांच कमेटी से 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट की मांग की है और कहा है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
भोजन के सैंपल ले लिए गए हैं और किसी भी तरह की एमरजंसी के लिए स्कूल में ही मेडिकल टीम की नियुक्ति की गयी है।




