जालंधर, 6 नवंबर | महानगर के बाबूलाभ सिंह नगर से सटे राजनगर में एक घर में भीषण आग लग गयी। मिली जानकारी के मुताबिक सिलेंडर फटने से घर में लगी आग ने भयानक रूप ले लिया। पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। इस भयानक आग में अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारी रमनदीप सिंह और अभि गिल का चेहरा झुलस गया, जिन्हें इलाज के लिए पसरीचा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 4 बजे घर में आग लग गई। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि घर में खिलौने थे। इस घटना में सामान जलकर राख हो गया।
सूत्रों के मुताबिक पता चला है कि आग लगने के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। घर में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान पड़ा होने के कारण कुछ ही देर में आग फैल गई। आग की लपटें घर के बाहर से ही दिखाई दे रही थीं। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने 2 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।



