नई दिल्ली। कहते हैं कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। जब लोगों का दिल जवान होता है तब उनकी उम्र चाहे जितनी भी हो जाए, वो बूढ़े नहीं होते। आपने कई ऐसे उम्रदराज लोगों को देखा होगा जो अपनी आयु को ताक पर रखकर इश्क फरमाते नजर आ जाते हैं। हालांकि, लोग उन्हें ट्रोल करने लगते हैं। एक बुजुर्ग महिला (93) ने भी बढ़ती उम्र के बावजूद अपने अंदर की युवती को जिंदा रखा और हाल ही में डेट पर गईं, पर उनका अनुभव काफी खराब रहा जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। पर किसी ने उन्हें ट्रोल नहीं किया, बल्कि उनका सपोर्ट किया।
द सन वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, 93 साल की एक महिला सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। उन्हें लोग ग्रैंडमा ड्रोनिएक (Grandma Droniak) के नाम से इंटरनेट पर जानते हैं। इंस्टाग्राम पर उन्हें 10 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं जो उनके कंटेंट को बहुत पसंद करते हैं। वीडियोज में ड्रोनिएक (elderly woman date video) अपनी दिनचर्या और जीवन से जुड़ी अनोखी चीजों को लोगों के साथ शेयर करती हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने सभी को बताया कि वो 25 साल बाद इस उम्र में डेट पर जा रही हैं।
डेट पर जाने का एक वीडियो भी उन्होंने पोस्ट किया था जिसमें सजती-संवरती नजर आ रही हैं। वीडियो में वो कहती हैं कि वो काफी घबरा रही हैं। उनका पार्टनर काफी हैंडसम है। जो उन्हें लेने आ रहा है। वो अपने पार्टनर को किस करने के लिए भी बेताब हैं। उन्होंने कहा कि वो लिपस्टिक इसलिए लगा रही हैं जिससे अगर उनका बॉयफ्रेंड उन्हें किस करे तो उसके होंठ पर लिपस्टिक लग जाए। वो कहती हैं कि वो सिर्फ खाने के लिए ही नहीं डेट पर जा रही हैं। इसलिए वो अपना पर्स नहीं ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगर उनके पार्टनर को वो पसंद नहीं आईं, तो वो उन्हें छोड़कर जा भी सकता है।
अगले दिन महिला ने इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो पोस्ट किया और बताया कि उनकी डेट कैसी रही। उन्हें निराशा हाथ लगी क्योंकि जिस व्यक्ति के साथ डेट पर वो गई थीं, वो बहुत बुरे बर्ताव वाला था। उन्होंने बताया कि शख्स वेटर से बुरा बर्ताव कर रहा था, इसके अलावा उसने उनके लिए दरवाजा भी नहीं खोला। इस बात से नाराज हो गईं और उन्होंने कहा कि वो कहीं से भी जेंटलमैन नहीं था। उन्होंने बताया कि इस वजह से उन्होंने उस व्यक्ति को किस भी नहीं किया। लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर उनकी तारीफ की और कहा कि अच्छा हुआ उन्होंने उसे छोड़ दिया। वहीं बहुत लोगों ने उनकी तारीफ भी की कि वो खूबसूरत लग रही हैं।



