जालंधर। कमल बिहार में देर रात जमकर हंगामा हुआ। दामाद अपने साथ 15 से 20 हथियारबंद युवकों को लेकर आया और ससुरालियों के घर पर हमला बोल दिया। सास-ससुर और मायके में रह रही पत्नी की जमकर पिटाई की। जब पत्नी ने साथ जाने से मना किया और घर की छत पर जा चढ़ी तो उसे पड़ोसियों के घर में घुसकर और दीवार फांद घसीट कर जबरन अपने साथ ले गया।
पड़ोसियों ने कहा कि हथियारबंद युवकों ने उनके घर में भी तोड़फोड़ की है। उनके बाथरूम में फ्लश तोड़ दी। इसके अलावा भी घर में सामान की तोड़फोड़ की है। ससुरालियों का आरोप है कि उनका दामाद नशे का आदी है और उनकी बेटी के साथ मारपीट करता है। उनकी बेटी पर अकसर शक करता रहता है। इसी मारपीट और मानसिक तनाव से दुखी होकर वह मायके आ गई थी।
लड़की ने की थी लव मैरिज
जिस घर पर हमला हुआ उस घर की मालकिन गोल्डी ने कहा कि उनकी बेटी ने लव मैरिज की थी। लेकिन लव मैरिज भी एक तरफा नहीं थी, बल्कि दोनों परिवारों की सहमति के बाद गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारज करवाया गया था। शादी के सात-आठ महीने तक तो सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद दामाद ने उनकी बेटी को मारना पीटना शुरू कर दिया। इसकी वह पहले भी थाने में शिकायतें दे चुके हैं।
महिला गोल्डी ने कहा कि उन पर दामाद ने दातरों से हमला किया है। उसके पकड़े फाड़ डाले। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को जबरन उठा कर ले गया है। अब चिंता यह है कि वह उसके साथ पता नहीं क्या करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस शिकायत के बावजूद कोई एक्शन नहीं लेती है।



