Home अन्य क्राइम खेत पर जाने के लिए निकली नाबालिग को गैंगरेप के बाद आरोपियों...

खेत पर जाने के लिए निकली नाबालिग को गैंगरेप के बाद आरोपियों ने भट्‌टी में जलाया

Svg%3E
Spread the News

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में 14 साल की नाबालिग को कोयला भट्‌टी में जला दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि इससे पहले उसके साथ गैंगरेप भी हुआ था। मामला जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात 10 बजे का है। घटना की जानकारी मिलने के बाद 4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस मामले में 3 आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया है।

पुलिस के सूत्रों ने  बताया, 14 साल की नाबालिग बुधवार सुबह अपने घर से मवेशी चराने के लिए खेत पर निकली थी। शाम करीब 4 बजे तक वह नहीं लौटी तो परिजन उसे ढूंढने निकले। परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी उसे ढूंढते रहे। रात करीब 10 बजे गांव के बाहर उन्हें कोयला भट्‌टी जलती हुई दिखी। बारिश के मौसम में भट्‌टी को जलते देख शक हुआ तो कुछ लोग वहां पहुंचे। परिजनों का कहना है कि यहां मौजूद तीन लोगों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उसके साथ गैंगरेप कर भट्‌टी में जलाया गया है।

भट्‌टी के बाहर चांदी के कड़े और जूते मिले

परिजन और ग्रामीण जब भट्‌टी के पास पहुंचे तो वहां नाबालिग का चांदी का कड़ा और जूते मिले। भट्‌टी के पास ही शव के कुछ जले हुए हिस्से भी पड़े थे। जब तीन बदमाशों ने गैंगरेप और जलाने की बात कही तो पुलिस को सूचना दी गई। देर रात 4 थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रात को ही मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। गुरुवार सुबह एक बार फिर से सभी अधिकारी और जांच टीमें मौके पर पहुंच गई है और क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर व जिलाध्यक्ष शंकरलाल गुर्जर बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे है। पुलिस को मौके से नाबालिग की बॉडी अवशेष उठाने से मना कर दिया है और मौके पर जिला कलेक्टर और SP को बुलाने की मांग की जा रही है।

वहीं, कोटड़ी थाना प्रभारी खिंवराज गुर्जर ने बताया कि नृसिंगपुरा गांव की 14 साल की नाबालिग को कोयला भट्‌टी में जालने की शिकायत उसके परिजनों ने की है। पुलिस ने भट्‌टी से नाबालिग के हाथ में पहना चांदी का कड़ा व हड्‌डियां बरामद की है। नाबालिग के साथ रेप या गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका है। इसका पुलिस अनुसंधान कर रही है। पूरी स्थिति जांच के बाद साफ होगी। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।