खन्ना। अमलोह रोड पर सनसिटी में रहने वाले एक बड़े उद्योगपति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी इनोवा गाड़ी बुधवार की रात को बस स्टैंड के सामने HDFC बैंक के बाहर से मिली। गाड़ी में एक हाथ लिखित नोट छोड़ा हुआ था। जिसमें शहर के कुछ नामी व्यक्तियों पर तंग परेशान करने का आरोप लगाया गया है। नोट में यह भी लिखा है कि अगर उसे कुछ होता है तो ये लोग जिम्मेवार होंगे। गाड़ी में ही मोबाइल छोड़ दिया गया ताकि लोकेशन से उसे ढूंढा न जा सके। फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि आखिर उद्योगपति कहां चला गया है?।
पुलिस संग तलाश में जुटे थे परिजन
जानकारी के अनुसार राजीव जिंदल बुधवार दोपहर से लापता हैं। परिवार के लोग पुलिस को साथ लेकर उन्हें ढूंढ रहे हैं। लेकिन किसी को उनकी गाड़ी जीटी रोड किनारे खड़ी दिखाई नहीं दी। क्योंकि दिन में इस इलाके में भीड़ ज्यादा होती है। रात को जब गाड़ी देखी गई तो कैमरे चेक किए गए।
दुकानदार के पास मिली गाड़ी की चाबी
वहां से इसकी चाबी एक दुकानदार के पास से मिली। इस दुकानदार से पता चला कि राजीव ने गाड़ी सुबह करीब 11 बजे यहां खड़ी की थी और राजीव जिंदल दुकानदार को यह कहकर गया था कि एक घंटे में ड्राइवर गाड़ी लेकर जाएगा। पुलिस ने जब गाड़ी चेक की तो इसमें से एक नोट मिला। यह नोट राजीव जिंदल का लिखा हुआ है। उधर, परिवार की मांग है कि हाथ लिखित की कॉपी उन्हें दी जाए और जिनके नाम लिखे हुए हैं उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि व्यापारी का कारोबार में पार्टनरशिप को लेकर कुछ विवाद है। कुछ समय पहले राजीव जिंदल ने अपने दो साथियों समेत सॉल्वेक्स प्लांट लगाया था जिसे बाद में बेच दिया गया। इसके बाद तीनों पार्टनरों में विवाद हो गया। राजीव ने अलग अपना पेट्रोल पंप लगा लिया। कुछ समय से राजीव मानसिक तौर पर परेशान है। जिसकी वजह कारोबार में पार्टनरशिप को लेकर विवाद ही माना जा रहा है।
जांच कर रहे हैं – डीएसपी
खन्ना के डीएसपी करनैल सिंह ने कहा कि पुलिस परिवार के साथ राजीव जिंदल की तलाश कर रही है। कैमरे देखे जा रहे हैं। फिलहाल गुमशुदगी रपट दर्ज की जा रही है। बाद में तथ्यों के मुताबिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



