फिरोज़पुर। जिले के मल्लांवाला कस्बे में दहेज के लिए ससुराल वालों ने गर्भवती बहू के साथ मारपीट की। जिससे उसके पेट में पल रहे 3 माह के बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई। विवाहिता की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मल्लांवाला थाने की पुलिस ने पीड़िता के बयानों पर पति विक्रम सिंह, देवर अमरवीर सिंह, ससुर जोगा सिंह और सास राजवीर कौर निवासी वार्ड नंबर तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मल्लांवाला पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि 5 महीने पहले उसकी शादी विक्रम सिंह से रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी में उसके माता-पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया था।
शादी के दो माह बाद ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। विवाहिता ने बताया कि कार की मांग को देखते हुए उसने 13 जून को मायके से एक्टिवा ली थी। जो उसके ससुराल वालों को पसंद नहीं थी। उसकी एक्टिवा भी तोड़ दी गई और सभी ने उसके साथ मारपीट की। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, इस मारपीट की घटना में चोट लगने से उसके गर्भ में पल रहे तीन माह के बच्चे की मौत हो गई।
मल्लांवाला थाने के एएसआई दर्शन सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों पर पति, जेठ, सास और ससुर के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



