स्पोर्ट्स डेस्क। डबल ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु का खराब फॉर्म जारी है। यह अनुभवी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बुधवार को जापान ओपन के पहले राउंड में हारकर बाहर हो गई। उनके उलट युवा लक्ष्य सेन ने इस सुपर 750 टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया। वहीं, पिछले हफ्ते कोरिया ओपन जीतने वाली सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भी दूसरे राउंड में जगह बनाई। तीसरे राउंड में उनका मुकाबला आज होगा।
लगातार गेम में हारीं सिंधु
सिंधु को चीन की झेंग यी मिन ने लगातार गेम में 21-12, 21-13 से हराया। सिंधु सिर्फ 32 मिनट में हार गईं। वे इस साल BWF वर्ल्ड टूर इवेंट का 13वां टूर्नामेंट खेलने उतरी थीं। यह साल का सातवां टूर्नामेंट है, जिसमें वे पहले राउंड से आगे नहीं बढ़ सकीं।
सिंधु और झेंग के बीच पांचवां मुकाबला था, जिसमें झेंग को तीसरी बार जीत मिली। 2019 की वर्ल्ड चैम्पियन सिंधु के लिए यह साल अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने चोट से रिहैब करने के बाद वापसी की थी, लेकिन खराब फॉर्म से जूझ रही हैं। वे वर्ल्ड रैंकिंग में 17वें नंबर पर फिसल गई हैं।



