अमृतसर। अमृतसर में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना हुई है। चोरी मीट की दुकान पर हुई। जहां दो चोर घुसे और जिंदा मुर्गे और मीट की चोरी कर ले गए। लेकिन हैरानी की बात ये रही कि इस पूरे घटनाक्रम में चोरों ने न तो कैश चुराया और न ही पैसों के बैग को खोलने का प्रयास किया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना अमृतसर के सुल्तानविंड इलाके की है। जबकि मालिक ने सुबह जब मीट की दुकान खोली तो अंदर से सामान चोरी देख सन्न रह गया। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे। चोर दुकान के अंदर रखा चिकन, मीट और कुछ पाइप चुराकर फरार हो गए।
घटना के बाद जब सीसीटीवी चेक किए गए तो दो चोर दुकान में घुसते दिखे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



