चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा नौजवानों को रोज़गार के मौके मुहैया करवाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास और सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने 35 कर्लकोें को नियुक्ति पत्र सौंपे।
आज सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने वादे के मुताबिक रोज़गार के नए अवसर मुहैया करा रहे हैं ताकि नई पीढ़ी अपने सपनों को पूरा करने के लिए विदेश न जाए।
कैबिनेट मंत्री ने सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के 34 कर्लकोें तथा सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग के एक कर्लक को नियुक्ति पत्र सौंपा। कैबिनेट मंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनसे अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और लगन से करने का आग्रह किया। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर काम करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक जी. रमेश कुमार, निदेशक सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग माधवी कटारिया, निदेशक सह संयुक्त सचिव सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग राज बहादुर सिंह, सामाजिक सुरक्षा संयुक्त निदेशक विभाग के चरणजीत सिंह और अमरजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।



