लुधियाना/खन्ना, 17 अक्टूबर | खन्ना के गांव घुडानी में गुरुवार सुबह दो हमलावरों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार आज सुबह युवक वेरका दूध डेयरी पर आया था, उसी समय हमलावर वहां आ गये। हमलावरों ने पहले आंखों में मिर्च डाली और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले पायल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे खन्ना सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में ज़ेरे इलाज मनवीर सिंह ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाला युवक नशा करने के साथ-साथ नशा बेचता भी है। उसे कई बार रोका गया लेकिन वह नहीं रुका।
एक बार उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद भी कई बार झगड़े हुए। कभी पंचायत में तो कभी थाने में राजीनामा हो गया। आज सुबह जब वह डेयरी पर गया तो उसकी आंखों में मिर्च डाल दी गई और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। पायल थाना के SHO संदीप कुमार ने बताया कि यह हमला आपसी रंजिश के कारण किया गया है। इसमें कोई नशा करने वाली बात नहीं है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है। घायल मनवीर सिंह का बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।



