अबोहर, 14 अक्टूबर | अबोहर-श्रीगंगानगर मार्ग पर गिदड़ांवाली के टोल प्लाजा के पास बीती रात सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर घटना के बाद ग्रामीणों और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने टोल प्लाजा पर धरना दिया।
जानकारी के मुताबिक दीपू (27) दो बच्चों का पिता था। बीती रात करीब 10 बजे गिदड़ांवाली मुख्य सड़क के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान अंधेरा होने के कारण एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और वहां से भाग निकला। कार की टक्कर से दीपू की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिजन, ग्रामीण और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य मौके पर पहुंचे और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि यहां रोशनी की व्यवस्था नहीं की गयी है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार इस सड़क पर पुल बनाने और लाइटें लगाने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी। इसी मांग को लेकर उन्होंने टोल प्लाजा के पास धरना दिया। उधर, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।



