मोहाली, 14 अक्टूबर | बलौंगी थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ दशहरा मेला देखने आए एक युवक पर चाकू और रॉड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। बलौंगी थाना पुलिस ने 6 से 7 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।
शुरुआती जांच में पुलिस को घटना के पीछे दुश्मनी मुख्य वजह लगी है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक सूरज के भाई सचिन ने जानकारी देते हुए बताया कि सूरज अपने कुछ दोस्तों और साथी लड़कियों के साथ बलौंगी में दशहरा मेला देखने गया था। वह अपने दोस्तों के साथ झूला झूलने लगा। जैसे ही वह झूले से नीचे उतरा तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने उस पर रॉड और चाकू से हमला कर दिया। सूरज को लहूलुहान करने वाले सभी आरोपी मौके से फरार हो गये। वहीं आसपास के लोगों ने उसे फेज-6 अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सचिन ने बताया कि जिस तरह से आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है, उससे लगता है कि आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।



