पटना/ नई दिल्ली। नेहा सिंह राठौर वो लोक गायिका जो बिहार की बेटी हैं और हाल ही में यूपी की बहू बनी हैं। लेकिन लोक गीतों के कारण सुर्खियों में छाए रहने वालीं नेहा सिंह राठौर एक बार फिर से चर्चाओं में हैं। उनको अपना ही गाया एक गीत इतना महंगा पड़ गया कि यूपी पुलिस ने उन्हें नोटिस थमा दिया है और 7 सवाल के जवाब मांगे हैं। अब अगर नेहा इन सवालों का जवाब नहीं देती हैं, तो उनके खिलाफ यूपी पुलिस कड़ा एक्शन ले सकती है।
नेहा सिंह राठौर वहीं सिंगर हैं, जिन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान ‘यूपी में का बा’ गाकर धमाल मचा दिचा था। सोशल मीडिया पर ये गाना काफी हिट भी हुआ। हाल ही में उन्होंने ‘यूपी में का बा सीजन 2’ गाया, जिसके बाद वह यूपी पुलिस के निशाने पर आ गईं। अब यूपी पुलिस ने इस मामले में नेहा को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
इस गाने ने बढ़ा दी मुसीबत
दरअसल, कानपुर में मां बेटी की जलकर मौत हो गई थी. इस मामले में नेहा सिंह राठौर ने 5 दिन पहले ही ‘यूपी में का बा सीजन 2’ गाया था. गाने के बोल थे, ‘यूपी में का बा बाबा की डीएम तो बड़ी रंगबाज बा, कानपुर देहात में ले आई राम राज बा। अब पुलिस ने कानपुर के अग्निकांड को मुद्दा बनाते हुए गाए गए गाने को लेकर लोक गायिका को नोटिस थमा दिया है. पुलिस का कहना है कि नेहा ने ‘का बा सीजन-2’ वीडियो के जरिए समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का काम किया है। इस नोटिस में उनसे 7 सवाल किए गए हैं, जिनका स्पष्टीकरण तीन दिन में देने के लिए कहा गया है।
कौन हैं नेहा सिंह राठौर
नेहा सिंह राठौर का जन्म साल 1997 में बिहार में हुआ था. वो कैमूर जिले के जलदहां गांव की रहने वाली हैं. ‘यूपी में का बा’ से पहले नेहा ने भोजपुरी में कोरोना पर जागरूकता का एक गाना गाया गया था. इस गाने ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थी. सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहती है. इंस्टाग्राम पर उन्हें 66 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. फेसबुक, ट्विटर से लेकर यूट्यूब तक उनके गाने खूब शेयर किए जाते हैं



