फिरोजपुर, 12 दिसंबर भ्रष्टाचार के मामले में फिरोजपुर के शहरी क्षेत्र के डीएसपी सुरिंदर पाल बंसल को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ दिन पहले थाने में दर्ज एक मामले में डीएसपी को नामजद किया गया था। डीएसपी के खिलाफ दलाल के माध्यम से रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि रिश्वत की रकम बंसल के बैंक खाते में जमा की गई थी।
गौरतलब है कि टीटीई भर्ती के नाम पर एक लड़की से सात लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में यहां की कोठी राय साहिब निवासी गुरमेज सिंह पुत्र रफीक के खिलाफ पिछले साल थाना छावनी में मामला दर्ज किया गया था। यह थाना डीएसपी बंसल के अधीन आता था।
बंसल ने अपनी जांच में गुरमेज सिंह को निर्दोष साबित कर दिया । इसके बाद गुरमेज सिंह डीएसपी बंसल का काफी करीबी हो गया और काम कराने के लिए लोगों से रिश्वत लेने लगा। जांच के दौरान पता चला कि कुछ समय पहले गुरमेज सिंह ने डीएसपी के बैंक खाते में पांच लाख रुपये जमा कराये थे।



