फतेहगढ़ साहिब, 12 दिसंबर सरहिंद जीआरपी में तैनात एएसआई सुखविंदरपाल सिंह कल रात से लापता हैं। एएसआई सुखविंदरपाल की कार सरहिंद भाखड़ा नहर के पास मिली थी। पास में एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने जीआरपी थानेदार और मुंशी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
एएसआई ने सुसाइड नोट में लिखा है कि जीआरपी के SHO गुरदर्शन सिंह और मुंशी गुरिंदर सिंह ढींढसा उसे परेशान करते थे। इसमें लिखा है कि वर्ष 2022 की एफआईआर संख्या 18 में चालान जमा करने को लेकर अधिक परेशानी पैदा की जा रही है। इसी परेशानी के चलते उन्होंने आत्महत्या करने की सोची।
फिलहाल लापता एएसआई की तलाश की जा रही है। भाखड़ा में भी गोताखोर तलाश कर रहे हैं। एसपी राकेश यादव ने बताया कि फिलहाल लापता एएसआई की डीडीआर मुलेपुर थाने में दर्ज कर ली गई है। गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश कराई जा रही है, कोई सुराग मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी। सुसाइड नोट में जिन दो लोगों के नाम लिखे हैं, उनकी भी जांच की जा रही है।



