जालंधर, 11 अक्तूबर ।
जालंधर से बड़ी खबर सामने आ रही है। देर रात दो लड़कियों के अपहरण के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है, दरअसल खबर सामने आई थी कि बाबू लाभ सिंह नगर से मनीला से आई एक लड़की का उसके पड़ोस में रहने वाले लोगों ने अपहरण कर लिया है।
परिजनों ने थाने पहुंचकर बताया कि लापता लड़कियों में से एक लड़की कुछ दिन पहले विदेश से घर लौटी थी, जिसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर तलाश शुरू कर दी है। लेकिन बाद में पता चला कि उनका घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके बाद लड़कियां अपनी मर्जी से अपने दोस्तों के पास चली गईं।
अधिक जानकारी देते हुए डीसीपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि हमें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि दो लड़कियां बाजार गई थीं और उसके बाद घर नहीं लौटीं। परिजनों को फोन आया कि उनकी लड़कियां किसी के साथ हैं, जिसके बाद जगह-जगह चेकिंग की गई। आखिरकार यह बात सामने आई कि लड़कियां किसी कारण से अपने परिवार के सदस्यों से नाराज थीं और अपनी इच्छा से अपने सोशल मीडिया से बने दोस्तों के पास चली गईं। दोनों लड़कियां बालिग हैं और अपनी मर्जी से कहीं भी जा सकती हैं, इसलिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।



