जालंधर। पंजाब में चोर-लुटेरों को पकड़ने का जो काम पुलिस को करना चाहिए वह काम अब लोगों को मजबूरी में खुद करना पड़ रहा है। अब लोगों ने चोरों-लुटेरों को पकड़ने के बाद उन्हें मारना-पीटना भी बंद कर दिया है। चोरों को पकड़ कर उनके गले में हार डालकर इनका स्वागत किया जा रहा है। लोगों का इसके पीछे तर्क है कि यदि वह चोर-लुटेरों को मारते-पीटते हैं तो पुलिस कहती है कि क्यों मारा। अब उनके पास और कोई चारा नहीं है।
चोर के गले में हार डालकर स्वागत करने का नया मामला अब पटियाला जिला में सामने आया है। पटियाला के गांव रवास ब्राह्मणा में दो चोरों ने एक बाइक और लोहे का सामान चोरी कर लिया। लोगों ने एक चोर को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी भाग गया। इसके बाद लोगों ने चोर को न मारा न पीटा, बल्कि मौके पर हार मंगवाए और उसके गले में डालकर तालियां बजाकर स्वागत किया।



