जालंधर,16 अगस्त। पिम्स हॉस्पिटल जालंधर में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस मौके पर अस्पताल परिसर को तिरंगे झंडे और फूलों से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत व भाषण प्रस्तुत किए।
समारोह में मुख्य आकर्षण रहे डॉ. निरंकार सिंह नेकी, (डीन पिम्स) का सम्मान। उन्हें संस्था के विकास और चिकित्सा क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन, शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
डॉ. निरंकार सिंह नेकी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में तिरंगा झंडा लहराया गया और देश की तरक्की, आपसी भाईचारे व स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी की कामना की गई।



