मुम्बई। बॉलीवुड में मुकाम हासिल करने का सपना लिए न जाने हर दिन कितने लोग सपनों की नगरी मुंबई में कदम रखते हैं। लेकिन केवल कुछ ही ऐसे होते हैं जिनका ये सपना साकार होता है और वह इंडस्ट्री में कुछ कर दिखाने में कामयाब होते हैं। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की खातिर कई एक्ट्रेसेज ने तो अपना देश तक छोड़ दिया।
आज बॉलीवुड की 5 ऐसी एक्ट्रेसेज के बारे में बात करेंगे जो आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का जाना- माना नाम बन चुकी हैं। लेकिन ये एक्ट्रेसेज असल में भारतीय नहीं हैं। इन एक्ट्रेसेज ने विदेशों से आकर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई है।
1. इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आज बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेज में शामिल कैटरीना कैफ का है। कैटरीना कैफ मूल रूप से ब्रिटिश हैं। हालांकि, उनका जन्म होंगकोंग में हुआ था। मॉडलिंग से करियर की शुरुआत करने वाली इस एक्ट्रेस ने साल 2003 में फिल्म ‘बूम’ से बॉलीवुड में कदम रखा था।
उनकी पहली फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही थी। उन्हें असल पहचान सलमान खान संग ‘मैंने प्यार क्यों किया’ से मिली। उसके बाद वह अक्षय कुमार संग कई हिट फिल्मों में नजर आईं। आज कैटरीना हर फिल्म के लिए करोड़ों की फीस चार्ज करती हैं।
2. इन दिनों जब भी बॉलीवुड में आइटम सॉन्ग की बात होती है तो सबसे पहले नोरा फतेही का नाम आता है। नोरा ने आइटम सॉन्ग से इंडस्ट्री में अपनी एक अलग जगह बना ली है। फिल्मों में पहचान बनाने के लिए वह कनाडा से भारत आई थीं।
3. जैकलीन फर्नांडिस इन दिनों महाठग सुकेश चंद्रशेखर के चलते विवादों में घिरी हुई हैं। ये एक्ट्रेस मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली हैं। उनका जन्म बहरीन में हुआ था और अब वह बॉलीवुड में करियर बना रही हैं। जैकलीन ने 2009 में सुजोय घोष की फिल्म ‘अलादीन’ से डेब्यू किया था, पर उन्हें पहचान साल 2011 में आई फिल्म ‘मर्डर 2’ से मिली थी।
4. नरगिस फाखरी अमेरिकी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने साल 2011 में फिल्म ‘रॉकस्टार’ से डेब्यू किया था। इस फिल्म में वह रणबीर कपूर के अपोजिट नजर आई थीं। नरगिस फाखरी ने एक्टर उदय चोपड़ा संग अपने रिश्ते के चलते भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
5. नोरा की तरह ही सनी लियोनी ने भी आइटम सॉन्ग के जरिए ही इंडस्ट्री में जगह बनाई थी। उसके बाद सनी कई फिल्मों में लीड रोल में भी नजर आईं। सनी लियोनी कनाडा में जन्मीं थीं। उनके पास अमेरिका और कनाडा की नागरिकता है।



