Home देश कोरोना महामारी के खात्मे के 3 साल बाद लाल किले पर दिल्ली...

कोरोना महामारी के खात्मे के 3 साल बाद लाल किले पर दिल्ली फतेह दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा, निहंग सिंहों के अलावा विभिन्न संप्रदायों के प्रमुख और प्रतिनिधि भी होंगे शामिल

Svg%3E
Spread the News

नई दिल्ली। दिल्ली सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका व महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि कोरोना महामारी के खात्मे के 3 साल बाद लाल किले पर इस बार दिल्ली फतेह दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।

बयान में कालका और काहलों ने कहा कि दिल्ली फतेह दिवस मनाने को लेकर सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी के साथ एक लंबी बैठक हुई है, जिसमें चार दिन का कार्यक्रम तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम बाबा जस्सा सिंह रामगढ़िया, बाबा जस्सा सिंह आहलूवालिया और बाबा बघेल सिंह द्वारा दिल्ली विजय की याद में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस बार बाबा जस्सा सिंह रामगढ़िया की 300वीं जयंती है और अकाली फूला सिंह जी, पूर्व जत्थेदार अकाल तख्त साहिब जी की 200वीं शहीदी जयंती भी है, इसलिए यह कार्यक्रम उन्हें समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में निहंग सिंहों के अलावा विभिन्न संप्रदायों के प्रमुख और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि पहले दिन 6 अप्रैल को श्री अकाल तख्त साहिब से अमृतसर साहिब और रामगढ़िया बुंगे से नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो 7 तारीख की रात को पंजाब के विभिन्न हिस्सों से होते हुए दिल्ली पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने पर नगर कीर्तन का ज़ोरदार स्वागत किया जाएगा। अगले दिन 8 अप्रैल को लाल किले पर बड़ा आयोजन होगा। इसके बाद कार्यक्रम के अंतिम दिन नौ अप्रैल को खालसाई मार्च निकाला जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को गुरु साहिब के प्राचीन शास्त्रों के दर्शन भी कराये जायेंगे और नगर कीर्तन में विभिन्न गतका पार्टियां और निहंग सिंह सहित अन्य दल भाग लेंगे. उन्होंने श्रद्धालुओं से इन चार दिवसीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।