फाजिल्का/अबोहर। यहां एक मंदभागी खबर सामने आई है। नशे की ओवरडोज से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। थाना सिटी पुलिस ने महिला के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पूजा उर्फ हेमलता पत्नी गुरप्रीत सिंह निवासी निरंकारी भवन रोड धर्मशाला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार उक्त महिला गली नं. 6 शिव मन्दिर के पास एक घर में घुसी और पानी पीने को कहा। इसी बीच उक्त महिला घर के अंदर जाकर बैठ गयी और इंजेक्शन लगाने लगी। इंजेक्शन लगते ही उक्त महिला वहीं लेट गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस और नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों को सूचना दी गई।
कमेटी सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे और थाना सिटी के एसआई बहादुर सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। महिला के पास से एक सिरिंज और एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मृत महिला के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला के पति के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।



