सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत से आत्महत्या का एक ऐसा मामला सामने आया जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। मामला सेवली गांव से जुड़ा है जहां शख्स ने महज इसलिए अपने ही घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली की क्योंकि उसकी पत्नी ने समय पर खाना नहीं बनाया था। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है, वहीं पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यूपी के सहारनपुर के रहने वाले अहतेशाम रोजी रोटी कमाने के लिए सोनीपत आया था। सोनीपत के गांव सेवली में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि अहतेशाम की शादी महज 2 महीने पहले ही हुई थी और वह सोनीपत की लक्ष्मी चंद्रा नाम की फैक्ट्री में काम करता था।
रोजाना की तरह वह दोपहर को घर खाना खाने के लिए गया था, लेकिन उसकी पत्नी घर के काम में व्यस्त थी, जिस कारण वह समय पर खाना नहीं बना पाई और अहतेशाम इस बात को लेकर गुस्से में आ गया। उसने अपनी पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया और दूसरे कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक शख्स के परिजनों का कहना है कि उसकी शादी महज दो महीने पहले हुई थी। मामले में जांच कर रहे हेड कांस्टेबल प्रीतम ने जानकारी दी कि गांव सेवली में किराए के मकान में रहने वाले अहतेशाम ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मृतक लक्ष्मी चंद्रा नाम की फैक्ट्री में काम करता था और दोपहर को घर खाना खाने के लिए आया था। उसकी पत्नी घर के काम में व्यस्त होने के कारण समय पर खाना नहीं बना पाई थी। इस कारण उसने यह कदम उठाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



