अमृतसर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने पंजाबियों को गौरवान्वित कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी के सामने उन्होंने कोचेला में दिलजीत दोसांझ के गीतों पर डांस करने की बात कही। इतना ही नहीं, भारत के योग को दिनचर्या में अपना कर सेहतमंद रहने पर भी प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया।
अमेरिकी विदेश मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका में आने का धन्यवाद कर रहे थे। इसी दौरान विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा-भारत हमारे दिनचर्या का हिस्सा है। हम समोसे के साथ झुंपा लाहिड़ी के उपन्यासों का आनंद लेते हैं। हम मिंडी कलिंग की कॉमेडी पर हंसते हैं। हम कोचेला में दिलजीत के गानों पर नाचते हैं। हां, प्रधान मंत्री मोदी जी, व्यक्तिगत अनुभव से कह सकता हूं, हम योग करके खुद को फिट और सेहतमंद रखते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका हमारे संपन्न भारतीय प्रवासियों से बेहद समृद्ध है।
दिलजीत ने वीडियो पोस्ट कर खुशी जाहिर की
दिलजीत दोसांझ ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर सांझा भी किया है। उन्होंने विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की क्लिप को भी सांझा किया है और खुशी जाहिर की है। दलजीत दोसांझ के लिए यह खुशी की बात है कि अमेरिकी विदेश मंत्री के रूप में एक नया फैन भी मिला है।



