नई दिल्ली। पिछले महीने की यूज़र सेफ्टी मंथली रिपोर्ट जारी करते हुए वॉट्सऐप ने करीब 29 लाख 18 हज़ार भारतीय अकाउंट बंद कर दिए हैं। 1 जनवरी से 31 जनवरी के बीच, लगभग 10,29,000 खाते ऐसे थे जिन्हें कंपनी की ओर से बिना किसी रिपोर्ट के समाप्त कर दिया गया क्योंकि वे भारत सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और व्हाट्सएप की नीति का उल्लंघन कर रहे थे। अगर आप भी गलत काम के लिए WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं तो META आपके अकाउंट पर भी कार्रवाई कर सकता है।
व्हाट्सएप यूज़र्स हर महीने कई खातों की रिपोर्ट करते हैं, जिसके बाद व्हाट्सएप उनकी समीक्षा करता है और सही पाए जाने पर खाते को स्थायी रूप से ब्लॉक या बंद कर देता है। वॉट्सऐप इस तरह के कदम यूज़र्स के लिए प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाने के लिए उठाता है। आपको बता दें कि दुनिया भर में 2 अरब से ज्यादा लोग व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं।
बता दें कि पिछले साल दिसंबर के महीने में Whatsapp ने देश में 36 लाख से ज्यादा अकाउंट बंद कर दिए थे। जनवरी में, व्हाट्सएप को विभिन्न खातों के बारे में लगभग 1,461 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 1,337 उपयोगकर्ताओं ने खाते को प्रतिबंधित करने का अनुरोध किया, जबकि अन्य ने समर्थन और सुरक्षा संबंधी शिकायतें दर्ज कीं।



