चंडीगढ़ , 14 नवंबर । मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) का प्रचार अभियान जोरों पर है। मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने मध्य प्रदेश के कटंगी पहुंचे। जहां उन्होंने रोड शो किया और लोगों से आम आदमी पार्टी के लिए वोट करने की अपील की। आप नेता ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि यह भारी भीड़ मध्य प्रदेश में बदलाव का संकेत है।
लगभग दो साल पहले, पंजाबी इसी उत्साह के साथ हमारी रैलियों/रोड शो में इकट्ठा होते थे और हमने 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीती थीं। मान ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खराब स्वास्थ्य के कारण आज उनके साथ शामिल नहीं हो सके, लेकिन 3 दिसंबर को वह कटंगी की जनता के साथ जीत का जश्न मनाएंगे।
मान ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक पार्टियां 75 साल से हमारे देश को लूट रही हैं, अब समय आ गया है कि इनसे छुटकारा पाया जाए, भ्रष्टाचार से छुटकारा पाया जाए। उन्होंने कहा कि AAP की ‘झाड़ू’ हमारे देश की राजनीतिक गंदगी को साफ कर रही है।
उन्होंने कहा कि गरीबों के बच्चों को शिक्षा नहीं मिलती, आम लोगों को अच्छा इलाज, साफ पानी, बिजली आदि नहीं मिलता। पंजाब और दिल्ली में लोगों के पास अच्छे सरकारी स्कूल और अस्पताल हैं, साफ पानी है और पंजाब के 90 प्रतिशत परिवारों को शून्य बिजली बिल मिलता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सामान्य घरों के बच्चे अफसर बन रहे हैं। मान ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे धर्म, जाति और ध्रुवीकरण की राजनीति करते हैं लेकिन हम काम करते हैं। हम सर्वे में नहीं आते, सीधे सरकार बनाते हैं। दिल्ली में हमने 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटें जीतीं और पंजाब में हमें 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें मिलीं, जबकि किसी भी सर्वेक्षण में यह नहीं दिखाया गया कि हम उन राज्यों में सरकार बनाएंगे।



