अमृतसर, 28 अगस्त | मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में आज बुधवार भी बारिश की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग की तरफ से आज भी राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 अगस्त की सुबह तक पंजाब में 24 घंटों के अंदर औसतन 11.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार हुई बारिश के बाद पंजाब के तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। वहीं सर्वाधिक तापमान रूपनगर में 37.1 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पूरे राज्य में 25 से 50 फीसदी तक बारिश होने की संभावनाएं बन रही हैं। मंगलवार शाम तक पंजाब के अमृतसर में 3.8, बरनाला में 14.4, बठिंडा में 5.7, फतेहगढ़ साहिब में 27.6, गुरदासपुर में 15.7, कपूरथला में 22.6, लुधियाना में 15.1, पठानकोट में 42.7, पटियाला में 44.5, संगरूर में 18.4 और मोहाली में 19.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इस सीजन कम बारिश ने बढ़ाई चिंता
1 जून से अब तक पंजाब और पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में कम बारिश ने चिंताओं को बढ़ा दिया है। पंजाब में 27 अगस्त की सुबह तक सामान्य से 32 फीसदी कम बारिश हुई है। इस सीजन में अभी तक पंजाब में 349 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी तक मात्र 238.1 मिमी ही बारिश हुई।
1 से 27 अगस्त की ही बात करें तो इस महीने में भी सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई है। पंजाब में इन दिनों में सामान्यता 133.1 मिमी बारिश होनी चाहिए, जबकि अभी तक मात्र 119 मिमी ही बादल बरसे हैं। जबकि हिमाचल में 1 जून से अभी तक 22 फीसदी कम बारिश हुई है।
कम बारिश का असर डेम के जलस्तर पर पड़ा
हिमाचल प्रदेश और पंजाब में कम बारिश का असर पंजाब को सिंचाई व बिजली उपलब्ध करवाने वाले तीन बांधों पर भी पड़ा है। पंजाब के प्रमुख बांध भाखड़ा डेम की क्षमता 1685 फीट है। लेकिन 27 अगस्त की सुबह तक डेम का जलस्तर 1636.46 फीट मापा गया, जबकि बीते साल ये जलस्तर 1673.89 फीट तक पहुंच गया था।
ब्यास नदी पर बने पोंग डेम की क्षमता 1400 फीट है, जबकि 27 अगस्त तक इसमें 1359.77 फीट जलभराव हुआ है। जबकि बीते साल स्तर 1390.95 फीट तक पहुंच गया था। इसी तरह रावी नदी पर बने थीन डेम की क्षमता 1731.98 फीट है। 27 अगस्त तक इसका जलस्तर 1634.52 फीट था। वहीं बीते साल इसका जलस्तर 1708.38 फीट था।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें पढ़ने के लिए पंजाब टाइम्स न्यूज के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/Qcuqm से जरूर जुड़ें।)



