अमृतसर। पंजाब में एक बार फिर बाढ़ के हालात बनने शुरू हो गए हैं। सतलुज नदी पर बना देश का दूसरा सबसे बड़ा भाखड़ा बांध और ब्यास नदी पर बना पौंग डैम दोनों ही खतरे के निशान के करीब पहुंच चुके हैं। बीते दिन तकरीबन 35 साल के बाद भाखड़ा के फ्लड गेट 10 फीट से अधिक खोले गए थे, जिन्हें देर रात बंद कर दिया गया। वहीं पौंग डैम से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
भाखड़ा डैम में पानी की आमद 76898 क्यूसेक दर्ज की गई है। जबकि भाखड़ा डैम से टरबाइनो के माध्यम से 83703 क्यूसेक पानी ही छोड़ा गया। जिसमें से नंगल डैम से नंगल हाइडल नहर में 12350 क्यूसेक, आनंदपुर साहिब हाइडल नहर में 10150 क्यूसेक जबकि सतलुज दरिया में 47400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। नंगल डैम से 69900 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
वहीं अब ब्यास का जलस्तर बढ़ने से होशियारपुर व गुरदासपुर के बाद कपूरथला में विधानसभा हलका भोलाथ में भी हालात बिगड़ने लगे हैं। ब्यास नदी के किनारों से मंड तलवंडी कूका, मंड सरदार साहिब, मंड रायपुर आर्यियां आदि गांवों में पानी आना शुरू हो गया है। वहीं गुरदासपुर व होशियारपुर में रेस्क्यू ऑपरेशन कल से ही जारी है। वहीं, गुरदासपुर में NDRF ने मोर्चा संभाल लिया है।



