जालंधर। पंजाब के जिला जालंधर में लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। चुनावी मैदान में कुल 19 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनके भविष्य का फैसला लोकसभा क्षेत्र के कुल 16,21,800 मतदाता लेंगे। चुनाव आयोग द्वारा जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों में 1972 बूथ बनाए गए हैं। जहां पर वोटर अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा जारी वोटर लिस्ट के मुताबिक, जिले में पुरुष वोटर 8,44,904 और 7,76,855 महिला वोटर है। इसके अलावा, 41 थर्ड जेंडर मतदाता है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में 9 विधानसभा क्षेत्रों में मॉडल और वूमेन ओनली मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। इसके अलावा, गुलाब देवी रोड पर स्थित पिंगलवाड़ा में स्पेशल बूथ स्थापित किया गया है। जहां पर दिव्यांग वोटर मत का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सभी बूथों की होगी वेबकास्टिंग
यह पहला अवसर है जब चुनाव के दौरान जिले में बनाए गए सभी पोलिंग बूथों की वेबकास्टिंग की जाएगी। इसका कंट्रोल रूम सिटी इंस्टिट्यूट मकसूदां में बनाया गया है। जहां पर टेक्निकल स्टाफ के अलावा प्रशासकीय कर्मचारी भी लगातार सेवाएं देंगे।



