जूनागढ़। गुजरात के जूनागढ़ जिले में कथित अवैध हजरत रोशन शाह पीर बाबा दरगाह को गिराने के नोटिस को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक शख्स की मौत हो गई और एक डीएसपी सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक वायरल वीडियो में कम से कम 300 लोगों की एक उग्र भीड़ को पुलिस अधिकारियों पर पत्थरबाजी करते हुए देखा गया है। लोकल मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया है कि एक पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ की गई और पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी गई। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
जूनागढ़ में ये हिंसक घटना शुक्रवार शाम को उस समय हुई जब जूनागढ़ नगर निगम के अधिकारी मजेवाड़ी गेट के सामने दरगाह के बाहर नोटिस लगाने पहुंचे। यह कहते हुए कि दरगाह को ‘अवैध रूप से’ बनाया गया था, नगर निगम ने इसके सबूत पेश करने के लिए पांच दिनों की समय सीमा दी थी कि दरगाह को कानूनी तरीके से बनाया गया था। इसके बाद इसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। इससे कुछ लोग भड़क गए। जिन्होंने बाद में हंगामा किया। रात 9 बजे दरगाह के पास भीड़ जमा हो गई और अधिकारियों पर पथराव किया। हालात बिगड़ने पर स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों को इलाके में भेजा गया।



