अमृतसर। पंजाब के होशियारपुर में पानी का लेवल देखने के लिए आया व्यक्ति बहाव में बह गया। व्यक्ति की पहचान आलमपुर निवासी महिंदरपाल सिंह के तौर पर हुई। वहीं भाखड़ा बांध से पानी छोड़े जाने की अटकलों के बीच CM भगवंत मान ने बांध का दौरा करने का फैसला किया है। दोपहर बाद सीएम भगवंत मान भाखड़ा बांध का दौरा करने पहुंचेंगे।
वहीं घग्गर नदी भी खूब तबाही मचा रही है। नदी में उफान आने के बाद शनिवार की आधी रात को पानी ने पटियाला के गांवों में तबाही मचाई। खेतों और फसलों में पानी भर गया। पटियाला के भागपुर और आस-पास के गांवों में पानी भरा है। जिला प्रशासन की तरफ से पहले ही लोगों को सतर्क किए जाने के कारण स्थिति कंट्रोल में रही।
आनंदपुर साहिब में धुस्सी बांध टूटा
उधर आनंदपुर साहिब के गांव हरीवाल में सतलुज पर बनाया गया धुस्सी बांध टूट गया। जिसके बाद गांव के खेतों में पानी भर गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रात को पानी सबसे पहले दड़वा गांव में चढ़ा। उसके बाद घग्गर ने भागपुर को भी चपेट में ले लिया। SDM परलीन कौर बराड़ ने रात के समय ही स्थिति को संभाल लिया। उनके साथ तहसीलदार व अन्य अमला गांव पहुंचा और स्थिति पर नजर बनाए रखी। खास बात रही कि मनरेगा के अंतर्गत काम करने वाले लोग भी जिला प्रशासन के साथ स्थिति को कंट्रोल करने में जुटे रहे।



