नेशनल डेस्क,नई दिल्ली,28 मई। मणिपुर में एक बार फिर धरती हिली, जब बुधवार तड़के दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगातार दो बार आए झटकों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी, और कई लोग आधी रात को ही घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि भूकंप से किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन डर का माहौल साफ देखा गया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार पहला झटका रात 1:54 बजे चुराचांदपुर जिले में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 थी। इसका केंद्र 40 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसके करीब आधे घंटे बाद, तड़के 2:26 बजे, नोनी जिले में दूसरा झटका आया जिसकी तीव्रता 2.5 मापी गई और इसकी गहराई 25 किलोमीटर थी।



