मोगा। गाँव संघेड़ा का नोजवान पानी के तेज बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि गांव में चारों तरफ पानी भर गया है। इसी दौरान संघेड़ा गांव निवासी वधवा सिंह का पुत्र मलूक सिंह अपने घर से कुछ सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहा था, तभी पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया।
परिजनों ने बताया कि युवक बोल या सुन नहीं सकता था। वह जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहा था तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की तेज धारा में बह गया। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने मीडिया को बताया कि पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते शख्स खुद को संभाल नहीं सका और डूब गया।
बता दें कि सतलुज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर जाकर जायजा लिया। मोगा सतलुज नदी के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए तटबंध पर मिट्टी डालकर इसे बढ़ाया जा रहा है। एसडीएम धर्मकोट चारुमिता पहुंचे और बताया कि मोगा के 4 गांवों को खाली करा लिया गया है और एन.डी.आर.एफ. टीम को बुलाया गया है जिसके द्वारा घरों में फंसे लोगों को निकाला जाएगा और प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



