चतरा। झारखंड के चतरा जिले से भीड़ द्वारा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी और विवाहित प्रेमिका को पकड़कर खंभे में बांधकर बेरहमी से पिटाई करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मॉब लिंचिंग कि इस घटना में जहां प्रेमिका की मौके पर ही मौत हो गई वहीं प्रेमी को पीटकर भीड़ में अधमरा कर दिया है। इतना ही नहीं प्रेमिका सुगिया देवी की मौत के बाद गांव में पंचायत बुलाकर महज तीन लाख में ही उसके जान का सौदा तक ग्रामीणों द्वारा कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिले, इससे पहले शव तक को ग्रामीणों ने जला दिया।
घटना विगत देर रात की बताई जा रही है। इससे संबंधित मारपीट का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। घटना चतरा जिले के बरैनी पंचायत अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित मसूरियातरी गांव में घटी है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी राकेश रंजन ने सदर थाना पुलिस को जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।



