नई दिल्ली, 26 दिसंबर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘वीर बाल दिवस’ पर दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह, उनके साहिबजादों और माता गुजरी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनकी अद्वितीय वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
अपने धर्म की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले साहिबजादों की शहादत को याद करने के लिए 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, “वीर बाल दिवस के अवसर पर, मैं गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों और माता गुजरी जी को सलाम करता हूं। बड़े साहस के साथ वह क्रूर मुगल शासन के खिलाफ खड़े हुए और धर्म परिवर्तन से इनकार करते हुए उन्होंने शहादत को चुना। उनकी अद्वितीय बहादुरी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”
शाह ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के शहीदी दिवस को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके बलिदान की कहानी को देश और दुनिया के कोने-कोने में फैलाया है। गौरतलब है कि पिछले साल जनवरी में प्रधानमंत्री ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती के अवसर पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।



