बांका। दो बच्चों की मां का देवर के साथ प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया है। एक दूसरे के इश्क में सब कुछ भुला बैठे देवर भाभी ने पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। घटना बांका ज़िले के सुईया थाना इलाके के बरगुनिया की है। बताया जा रहा है कि महिला का देवर से प्रेम प्रसंग इस कदर बढ़ चुका था कि दोनों जीने-मरने की कसमें खाने लगे थे। लेकिन देवर की शादी की तैयारी क्या हुई कि दोनों ने कटहल के पेड़ से लटक कर एक साथ जान देने की कसम पूरी की।
जानकारी के अनुसार, मृतक सविता देवी दो बच्चे की मां थी। वहीं रघु दास रिश्ते में देवर था। देवर की तिलक की रस्म होने वाली थी। लेकिन इसके पहले भयावह घटना हो गई और पूरा परिवार सकते में आ गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था। बावजूद इसके घर वाले रघु की शादी की तैयारी कर चुके थे। आज उसका तिलक होने के पहले ही सुबह दोनों घर से फरार हो गए और दोनों ने आत्महत्या कर जीवन लीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि जब सुबह लोग शौच के लिये नदी किनारे निकले। उसी दौरान किसी की नज़र पेड़ से लटके दोनों के शवों पर पड़ी। जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ पेड़ किनारे उमड़ पड़ी और इसी बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी थी। पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को उतारा गया। और पोस्टमॉर्टम के लिए बांका भेज दिया गया।
एक जानकारी के अनुसार मृतक रघु दास के पॉकेट से सिंदूर की एक पुड़िया भी बरामद हुई है। जिससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि दोनों घर के सदस्यों से बचते हुए शादी करना चाह रहे थे। लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। और दोनों ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। फिलहाल घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस बाबत थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने घटना के हर बिंदु पर जांच करने की बात कही है।



