लुधियाना, 31 दिसंबर | खन्ना से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मेडिकल के लिए लाया गया चोर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया है। जिस समय वो असप्ताल से भागा उस वक्त ड्यूटी पर महिला सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई समेत तीन-चार पुलिसकर्मी मौजूद थे।
वह सिविल अस्पताल के पीछे एक छोटे से गेट से होते हुए बाजारों से भाग निकला और दोबारा पुलिस की पकड़ में नहीं आया। उसके भागने की फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें दिख रहा है कि आरोपी काफी तेजी से भागा।
घटना के बाद डीएसपी राजेश कुमार, सिटी थाने के एसएचओ हेमंत मल्होत्रा और सीआईए स्टाफ व स्पेशल ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।
थाना सिटी पुलिस ने नंदी कॉलोनी के एक घर में चोरी के मामले में साहिल और राजा को गिरफ्तार किया है। दोनों रिमांड पर हैं। शनिवार को साहिल, राजा समेत तीन आरोपियों और एक अन्य मामले के आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। साहिल और उसके साथी राजा को हथकड़ी लगा दी गई। साहिल किसी तरह हथकड़ी तोड़कर भाग निकला।




