Tuesday, September 22, 2026
No menu items!
Google search engine

रजिस्ट्री करवाने वालों की कम नहीं हो रही मुश्किलें,अवाम बेबस

Spread the News

रजिस्ट्री की फोटो करवाते समय लोगों को पड़ रहे धक्के

लुधियाना,4 जून। पंजाब सरकार द्वारा तहसीलों में रजिस्ट्रियां करवाने के लिए आए दिन बड़े-बड़े ऐलान किया जा रहे हैं कि तहसील में रजिस्ट्री करवाने आए व्यक्ति को किसी तरह की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी परंतु ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में लोगों को आज भी अपनी रजिस्ट्रियां करवाने के लिए भारी मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। उक्त तहसील में आम व्यक्ति को रजिस्ट्री करवाने के लिए कई-कई घंटे का इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ एजैंट के काम पहल के आधार पर किए जा रहे हैं जिसके कारण आम लोग पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े-बड़े दावों से निराश होते दिखाई दे रहे हैं। उक्त तहसील में ज्यादातर एजैंट अपने काम करवाने के लिए प्रतिदिन आते रहते हैं जिसके कारण तहसील के अंदर से रजिस्ट्री करने के जो नंबर लगाए जाते हैं, उन नंबरों के आधार पर आम व्यक्ति की रजिस्ट्री सही समय पर नहीं की जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ जो एजैंट तहसील के कर्मचारियों के साथ निजी साठगांठ रखते हैं, उनके काम बिना नंबरों के पहले ही किए जा रहे हैं जिसके कारण आम लोगों को इस तहसील में सुबह से लेकर शाम तक अपनी रजिस्ट्री करवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि उनको आज कई जरूरी काम थे जिसके लिए वह सुबह 10 बजे से पूर्व ही तहसील में रजिस्ट्री करवाने के लिए पहुंचे हुए थे परंतु 3 बजे तक उनकी रजिस्ट्री का नंबर तक अंदर से नहीं बोला गया जिसके कारण उनको काफी परेशानियां उठानी पड़ी।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पूर्वी तहसील में जिस जगह पर रजिस्ट्री करवाते समय लोगों को अपनी फोटो करवाने के लिए खड़े होना पड़ता है उस जगह पर एक समय में केवल एक व्यक्ति बेचने और खरीदने वाला और उसके दो गवाह ही खड़े रह सकते हैं परंतु इस तहसील में ऐसा कोई भी रूल दिखाई नहीं दे रहा है। रजिस्ट्री की फोटो करवाते समय उक्त जगह पर दर्जन से ज्यादा लोग अंदर खड़े दिखाई दे रहे थे जिसके चलते कई लोगों द्वारा इसका विरोध भी किया गया परंतु लोगों की इस समस्या को दूर करने की तरफ भी किसी कर्मचारी ने कोई ध्यान नहीं दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments