राज्य सरकार के आदेश की कॉपी जलाई जाएंगी
चंडीगढ़। पंजाब सरकार और पटवारियों-कानूनगो के बीच जारी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पटवारी यूनियन ने आरोप लगाए कि राज्य सरकार ने विवाद सुलझाने के लिए कोई मीटिंग नहीं बुलाई। उन्हें 3100 से अधिक सर्कल का चार्ज सौंपा गया है। इससे रोष व्याप्त पटवारी आज तहसीलों में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पटवारी यूनियन ने कहा कि उसके द्वारा आज राज्य सरकार के आदेश की कॉपी जलाई जाएंगी। इसके अलावा 19 पटवारियों ने अपना इस्तीफा देने का दावा भी किया है। पटवार यूनियन के प्रधान हरवीर सिंह ढींढसा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 30 अगस्त को ट्वीट किया था कि यदि पटवारी कलम छोड़ेंगे तो वह नौजवानों को कल पकड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि एस्मा कानून की धमकी के बावजूद 3193 कलम मुख्यमंत्री पंजाब को पकड़ा दी थी, लेकिन वह सभी कलम नौजवान बेरोजगारों को पकड़ाने के बजाय पंजाब सरकार ने विभाग के रिटायर्ड कर्मचारियों को थमा दी।
मुख्यमंत्री नवनियुक्त पटवारियों को आज देंगे नियुक्ति पत्र
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान आज चंडीगढ़ के टैगोर थियेटर में 710 नवनियुक्त पटवारियों को नियुक्ति पत्र देंगे। यह सभी वे पटवारी हैं, जो टेस्ट पास कर 18 में से 15 महीने की ट्रेनिंग पूरी कर चुके हैं। लेकिन पंजाब सरकार इन नवनियुक्त कर्मचारियों को ट्रेनिंग से तीन महीने पहले ही पटवार सर्कल में नियुक्त करने जा रही है।



