ग्वालियर। ग्वालियर जिले के भीतरवार थाना क्षेत्र के मोहनगढ़ गांव में एक दिल दहला देने वाला घटनाक्रम सामने आया है। 21 साल की विवाहिता ने अपने प्रेमी को व्हाट्सएप पर जहर की फोटो भेजी। उधर से प्रेमी ने ओके लिखा, जिसके बाद विवाहिता ने जहर निगल लिया।
इलाज के दौरान विवाहिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत से पहले विवाहिता का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने अपने प्रेमी पर धमकाने का आरोप लगाया। भीतरवार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल 21 साल विवाहिता पूनम बाथम मोहनगढ़ गांव की रहने वाली थी, जिसने जहर खा लिया।
पूनम को गंभीर हालत में परिवार वाले पहले भीतरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देख जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान पूनम ने दम तोड़ दिया। खुदकुशी करने से पहले पूनम ने अपने प्रेमी दशरथ को सल्फास का फोटो व्हाट्सएप पर भेजा था। सल्फास का फोटो देखने के बाद दशरथ ने ओके लिखा था। इसके बाद पूनम ने जहर खा लिया।
जहर खाने के बाद पूनम की हालत गंभीर होने लगी तो उसके परिवार वालों ने उसका एक बयान वाला वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में पूनम बता रही है कि उसे प्रेमी दशरथ धमका रहा था। जब उसने दशरथ से कहा कि वह प्रताड़ित होकर खुदकुशी कर लेगी और व्हाट्सएप पर जहर की फोटो भी भेजी, लेकिन दशरथ ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाते हुए खुदकुशी के लिए मजबूर कर दिया।
पूनम की मौत के बाद भीतरवार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच में खुलासा हुआ कि पूनम की शादी कुछ साल पहले देवरा गांव में हुई थी। पति-पत्नी में वैचारिक मतभेद होने के चलते पूनम ने तलाक ले लिया था। इसके बाद सालभर पहले पूनम की दूसरी शादी उत्तर प्रदेश के शमशाद में हुई। करीब 10 दिन पहले पूनम अपने माईके मोहनगढ़ आई थी।
पुलिस को जानकारी मिली है कि पूनम का उसके ही जाति के दशरथ नाम के युवक से प्रेम-प्रसंग था। व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो देखने के बाद यह आशंका है कि प्रेमी दशरथ और पूनम के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और पूनम ने जहर खा लिया।



