हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-फितर का त्योहार
जालंधर 12 अप्रैल। जालंधर शहर और आसपास के देहात क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुलाब देवी रोड स्थित ईदगाह मस्जिद में मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान की अध्यक्षता में हजारों मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की।
इस दौरान नमाजियों ने कौम की तरक्की, देश एवं प्रदेश की खुशहाली, आपसी प्रेम और भाईचारे की दुआ मांगी। ईद के मद्देनजर ईदगाह और मस्जिदों के आसपास पुलिस सुरक्षा बल तैनात रहा।
वीरवार को ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खूब उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मस्जिदों के आसपास रौनक देखने को मिली। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सफाई कर्मचारी के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल, सुशील कुमार रिंकू, मेजर सिंह, खास तौर पर ईदगाह पहुंचे और मुसलमान के साथ बैठकर ईद की नमाज अदा की।
गुलाब देवी रोड ईदगाह स्थित मस्जिद में मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान की अध्यक्षता में नमाज पढ़ने के लिए काफी संख्या में नमाजी पहुंचे। यहां पर कारी अब्दुल सुभहान ने नमाज पढ़वाई।
मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने ईद-उल-फितर की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने का संदेश देता है। पवित्र रमजान माह के तीस रोजे रखने के बाद खुदा की तरफ से रोजेदारों के लिए यह पर्व विशेष ईनाम भी है।
एडवोकेट नईम खान नेकहा कि दुनिया भर में मनाए जाने वाले यह त्योहार खुशियां लेकर आता है। यह भाईचारे,मोहब्बत का त्योहार है। यह त्योहार त्याग और अपनेपन का प्रतीक है। यह त्योहार हमें बताता है कि हमें इंसानियत के लिए अपनी इच्छाओं का त्याग करना चाहिए ताकि हम अच्छा समाज बना सकें। इस त्योहार को मीठी ईद नाम से भी जान अगला जाता है। ईद के दिन सभी के चेहरे खुशी से चमकते हैं और चारों तरफ मोहब्बत का पैगाम फैलता है।
वहीं ईदगाह समेत मस्जिद ए कुबा खांबड़ा, मस्जिद फिरदौस मस्जिद बिलाल, मस्जिद आलीशान, मस्जिद मुस्लिम कॉलोनी, मस्जिद स्टेट व अन्य मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई।




